
KPN24:- सक्ती जिले के जैजैपुर के पुराने बस स्टैंड स्थित हनुमान मंदिर से अज्ञात चोरों ने मूर्ति के सिर से चांदी का मुकुट चुरा लिया। मंदिर के सामने लगे सीसी कैमरे के बावजूद चोरी की तस्वीरें रिकॉर्ड नहीं हो सकीं क्योंकि कैमरा रिचार्ज न होने से बंद पड़ा था।
यह मंदिर राधेश्याम नथानी (अशोक बस मालिक) द्वारा स्थापित किया गया था। मंदिर के सामने नगर पंचायत की ओर से सोनसाय देवांगन के प्रयास से कैमरा लगाया गया था, जिसका कनेक्शन सीधे पुलिस थाना से है। लेकिन वर्तमान में नगर पंचायत अध्यक्ष बलराम चंद्रा द्वारा समय पर रिचार्ज नहीं कराए जाने से कैमरे निष्क्रिय हो गए और चोर आसानी से मुकुट लेकर फरार हो गए।
नगर में चर्चा है कि यदि कैमरे सक्रिय होते तो चोरी की तस्वीरें कैद होकर चोर आसानी से पकड़ा जा सकता था। वहीं लोग पूर्व अध्यक्ष सोनसाय देवांगन के कार्यकाल को याद कर रहे हैं।
पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। नगरवासियों का आरोप है कि पुलिस चोरी की वारदातों पर गंभीरता से ध्यान न देकर केवल शराब कारोबार पर कार्रवाई कर रही है। बाहर से आने वाले भिखारी और साधुओं की भी कोई जांच नहीं की जाती, जिसके कारण संदिग्ध लोग आसानी से नगर में घूमते रहते हैं।
इस घटना ने नगरवासियों में रोष फैला दिया है। नगर के चार स्थानों पर लगे सीसी कैमरे रिचार्ज न होने से बंद पड़े हैं और केवल शो-पीस बनकर रह गए हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि यदि नगर पंचायत समय रहते इन कैमरों को सक्रिय रखती, तो ऐसी घटना घटित ही नहीं होती या फिर चोर पकड़े जाते।
नगरवासी मांग कर रहे हैं कि –
सीसी कैमरों को तत्काल चालू कराया जाए।
पुलिस बाहरी लोगों की सख्ती से जांच करे।
चोरी की घटना का जल्द खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाए।










