"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

विद्यालय में नशे की हालत में पाई गई शिक्षिका, तत्काल प्रभाव से निलंबित

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में समाचार पत्र में प्रकाशित खबर “मैडम टेबल पर पैर रखकर सोती रहीं, बच्चे भोजन के बाद घर भाग गए” पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने गंभीरता से संज्ञान लिया।

कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम अकलतरा, जिला शिक्षा अधिकारी और विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने शासकीय प्राथमिक शाला लेवई, विकासखंड बलौदा का निरीक्षण किया। निरीक्षण में शिक्षकों, विद्यार्थियों और ग्रामीण जनप्रतिनिधियों से प्राप्त जानकारी में पुष्टि हुई कि विद्यालय की प्रधान पाठक हीरा पोर्ते 19 सितम्बर को नशे की हालत में विद्यालय में उपस्थित थीं।

इस गंभीर कृत्य को सिविल सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन मानते हुए हीरा पोर्ते को सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बलौदा निर्धारित किया गया है।

साथ ही, कलेक्टर ने मॉनिटरिंग में लापरवाही बरतने पर संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारी बलौदा और बीआरसी बलौदा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे आदतन शिक्षकों और कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।

कलेक्टर महोबे ने स्पष्ट कहा कि शिक्षा व्यवस्था की मर्यादा और विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर किसी भी हाल में कठोर कार्यवाही की जाएगी।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More