"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

रजत जयंती पर लिया स्वच्छता का संकल्प, किचन गार्डन में किया श्रमदान

KPN24 :- छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे रजत जयंती महोत्सव के तहत शासकीय हाई स्कूल सलिहाघाट (बिर्रा) में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत “स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025” का आयोजन किया गया। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक चलेगा।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता शपथ के साथ हुई, जिसमें विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं शामिल हुए। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वच्छता को अपने जीवन में अपनाएंगे और समाज को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करेंगे।

विद्यालय परिसर में “एक दिन, एक घंटा, एक साथ श्रमदान” के अंतर्गत श्रमदान करते हुए स्कूल कैंपस और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की गई। इसके साथ ही, हाथ धुलाई की प्रक्रिया के माध्यम से स्वच्छ आदतों को अपनाने का संदेश दिया गया।

किचन गार्डन में श्रमदान, पौधरोपण से दी हरियाली को बढ़ावा

इस अवसर पर विद्यालय के किचन गार्डन में श्रमदान करते हुए छात्र-छात्राओं ने पौधरोपण भी किया। विद्यालय प्रांगण में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर हरियाली को प्रोत्साहित किया गया।

प्रभारी प्राचार्य श्री अभय कुमार पांडेय ने बताया कि यह अभियान केवल स्वच्छता तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक पहल है। उन्होंने कहा कि “स्वच्छता और हरियाली दोनों मिलकर गांव को सुरक्षित और आदर्श बना सकते हैं।”

शिक्षक श्री बुद्धेश्वर कश्यप ने अपने वक्तव्य में कहा कि यदि हर छात्र और नागरिक स्वच्छता का पालन करे और पेड़ों की देखभाल करे, तो आने वाले समय में यह गांव आदर्श ग्राम के रूप में जाना जाएगा।

समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता लाने का प्रयास

इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों और समुदाय में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और भागीदारी को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में शिक्षकों, छात्रों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी रही, जिन्होंने स्वच्छता को अपने व्यवहार में शामिल करने का वचन दिया।

 

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More