"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

कलेक्टर ने जिला स्तरीय सलाहकार एवं परामर्शदात्री समिति की बैठक ली

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिला कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय सलाहकार एवं परामर्शदात्री समिति की त्रैमासिक बैठक ली। बैठक में उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि हितग्राही योजनाओं का लाभ जिले के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुँचे।

कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना जैसे कार्यक्रम स्वरोजगार को बढ़ावा देने में प्रभावी हैं। इसलिए ऋण स्वीकृति में किसी प्रकार की देरी न हो और अधिक से अधिक पात्र हितग्राही जुड़ें। उन्होंने बताया कि जिले में लोन मेला और शिविर आयोजित कर योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना में हितग्राहियों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण और मत्स्य एवं पशुपालन विभाग के हितग्राहियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि आधार सीडिंग व ई-केवाईसी कार्यों में तेजी लाई जाए और वित्तीय फ्रॉड से बचाव हेतु जागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, आजीविका मिशन और सूक्ष्म उद्योग उन्नयन योजनाओं की प्रगति की भी जानकारी ली।

मुद्रा योजना पर विशेष जोर

कलेक्टर ने बताया कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत कोई भी व्यक्ति देश के किसी भी बैंक से सरल प्रक्रिया में ऋण प्राप्त कर सकता है। यह योजना युवाओं, महिलाओं और छोटे व्यवसायियों को कम ब्याज पर लोन उपलब्ध कराकर स्वरोजगार को बढ़ावा देती है। उन्होंने बैंक अधिकारियों से कहा कि शिशु, किशोर और तरुण घटकों के लिए बैंकवार पृथक लक्ष्य तय कर जिले में अधिकतम प्रकरण स्वीकृत करें।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, रिजर्व बैंक, नाबार्ड, लीड बैंक अधिकारी सहित विभिन्न विभागों व बैंकों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More