
KPN24:- सक्ती जिले के जनपद पंचायत जैजैपुर अंतर्गत गौरव ग्राम पंचायत मल्दा में शारदीय नवरात्र पर आस्था का अद्भुत स्वरूप देखने को मिल रहा है। रामसागर सड़कपारा निवासी 26 वर्षीय रामकीर्तन कश्यप ने जय ठकुराइन दाई मंदिर मल्दा में अपने शरीर पर जवारा बोकर अनोखी साधना शुरू की है। भक्त ने अपने शरीर पर ही ज्योति कलश स्थापित कर 9 दिन तक आराधना करने का संकल्प लिया है।
पुजारी सुंदरलाल कश्यप व बैगा रामनाथ कश्यप ने बताया कि यह रामकीर्तन का लगातार दूसरा वर्ष है जब उन्होंने माता की प्रेरणा से शरीर पर जवारा बोया है। साधना के दौरान वे भूमि पर लाल चुनरी बिछाकर लेटे रहते हैं और पूरे 9 दिन तक केवल दुर्वा व नींबू के रस से ही आहार ग्रहण करेंगे।
गांव व आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन और आराधना का लाभ ले रहे हैं। इस वर्ष मंदिर में कुल 29 ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए हैं। तेल ज्योति कलश हेतु 801 रुपये तथा घृत ज्योति कलश हेतु 1251 रुपये का संकल्प लिया गया है।
श्रद्धालुओं का मानना है कि मां ठकुराइन दाई के आशीर्वाद से रामकीर्तन कश्यप यह कठिन साधना सफलतापूर्वक कर रहे हैं। भक्तों का विश्वास है कि इस अनोखी आराधना से धर्म की रक्षा और जनकल्याण की कामना पूरी होगी।










