"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

ज्योति नगर के माता पंडाल ने श्रीकृष्ण लीलाओं का साक्षी बने देवी भक्त

मनीष विद्यार्थी, खरगोन।

KPN24:-;ज्योति नगर में चल रहे नवरात्र उत्सव में बीती रात श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। राष्ट्रीय नृत्य कलाकार संजय महाजन (बड़वाह) और उनकी 40 सदस्यीय टीम ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का मनोहारी मंचन किया।

उत्सव समिति की नन्हीं कन्याओं ने माता के नौ स्वरूपों का जीवंत मंचन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मानो स्वयं देवी बाल स्वरूप में भक्तों को दर्शन देने आई हों। पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद महिला मंडल ने ‘आयो रे आयो रे असवार’ गरबा गीत पर मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा।

समिति अध्यक्ष नीतिन मालवीय ने बताया कि नवरात्र उत्सव में प्रतिदिन अलग-अलग थीम पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हो रही हैं, जिन्हें लोगों का भरपूर प्यार मिल रहा है। श्रीकृष्ण लीला के मंचन के दौरान खचाखच भरे परिसर में मौजूद लोग भावविभोर होकर जयकारे लगाते रहे।

कलाकारों ने श्रीकृष्ण की माखन चोरी, राधा संग प्रेम, मैया यशोदा से ठिठोली, ग्वालबाल संग खेल, कालिया मर्दन, सुदर्शन चक्र, गोवर्धन पर्वत उठाने और रासलीला जैसी प्रसंगों को इतनी सुंदरता से प्रस्तुत किया कि दर्शकों को यह अनुभव हुआ मानो वे पहली बार इन्हें देख रहे हों। राधा-कृष्ण और गोपियों का नृत्य आकर्षण का केंद्र बना।

प्रचार प्रमुख दिलीप सोनी ने बताया कि माता के दरबार में बालिकाओं और महिलाओं द्वारा दी जा रही प्रस्तुतियां न केवल शहर में, बल्कि ग्रामीण अंचलों में भी आस्था और आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

संध्या आरती का आयोजन विश्व हिंदू परिषद के संगठन मंत्री वासुदेव पंड्या, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदा ब्राह्मणे, भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र राठौर, रेवा संगठन की अध्यक्ष शुभा खोडे सहित गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में हुआ। महाआरती के बाद अतिथियों ने गरबा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद दर्शकों के साथ बैठकर लिया।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More