"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

फ़र्ज़ी ठग ने हैक किया पूर्व खरगोन कलेक्टर का फेसबुक अकाउंट

मनीष विद्यार्थी, खरगोन।
KPN24:- प्रदेश में साइबर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब वे आम नागरिकों के साथ-साथ अधिकारियों के सोशल मीडिया अकाउंट को भी निशाना बनाने लगे हैं। ताजा मामला खरगोन का है, जहां अज्ञात हैकर ने जिले के पूर्व कलेक्टर कर्मवीर शर्मा का फेसबुक अकाउंट हैक कर लिया और उसका इस्तेमाल ठगी करने में करने लगा।

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को यह प्रकरण तब सामने आया जब शहर के पत्रकार प्रदीप कुमार गांगले को पूर्व कलेक्टर के फेसबुक अकाउंट से मैसेंजर पर संदेश मिला। संदेश में लिखा था कि इंदौर में पदस्थ उनके एक मित्र, जो सीआरपीएफ में उच्च पद पर हैं, का तबादला जम्मू-कश्मीर हो गया है। वे अपना फर्नीचर और अन्य महंगे सामान बेहद कम दामों में बेचना चाहते हैं। इसके बाद शनिवार को पत्रकार को एक कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को सीआरपीएफ अधिकारी संतोष कुमार बताया।

कॉलर ने पत्रकार से कहा कि उनका ट्रांसफर हो गया है और वे अपना महंगा फर्नीचर व लग्जरी सामान मात्र 90 हजार रुपये में बेचना चाहते हैं। कॉलर ने सामान के फोटो भी व्हाट्सएप पर भेजे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये आंकी जा रही थी। ठग ने पत्रकार से एडवांस में 45 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने की मांग की और शेष रकम सामान की डिलीवरी के बाद देने की बात कही।

हालांकि, पत्रकार को ठग की बातों पर शक हुआ और उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक डॉ. रविंद्र वर्मा को दी। एसपी ने स्पष्ट किया कि कॉलर का नंबर ब्लॉक कर साइबर सेल में 1900 नंबर पर शिकायत दर्ज कराई जाए।

इस मामले ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठगने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी तरह के संदिग्ध कॉल या ऑनलाइन लेन-देन से पहले पूरी तरह जांच-परख कर लें और ठगी का शिकार होने से बचें।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More