
KPN24:- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि वृद्धजन हमारे मार्गदर्शक और अमूल्य संस्कृति के संवाहक हैं। उनकी देखभाल सरकार और समाज दोनों की साझी जिम्मेदारी है। केंद्र और राज्य सरकारें वरिष्ठ नागरिकों को पेंशन, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने के लिए समर्पित योजनाओं को निरंतर सशक्त बना रही हैं।
मुख्यमंत्री आज राजधानी रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर स्थित कृषि मंडपम में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के राज्य स्तरीय आयोजन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में उन्होंने वृद्धजनों को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।
नई घोषणाएँ
राज्य में बुजुर्गों की विशेष देखभाल के लिए सियान गुड़ी की स्थापना।
रायपुर, बिलासपुर, कोरबा और दुर्ग में पीपीपी मॉडल पर सर्वसुविधायुक्त वृद्धाश्रम का निर्माण।
दिव्यांगजनों के सहायक उपकरणों की रिपेयरिंग हेतु रायपुर में सर्विस सेंटर की शुरुआत।
नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत राज्यभर में जनजागरूकता के लिए 25 नशामुक्ति रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ी लोकगीत और नृत्य प्रस्तुति हुई तथा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन भी किया गया।
मुख्यमंत्री का संबोधन
श्री साय ने कहा –
> “वृद्धजन दिवस हमें अपने दायित्वों को याद दिलाने का अवसर है। मेरे गुरु ने सिखाया है कि माता-पिता की सेवा ही ईश्वर की पूजा है। आज के बुजुर्ग कल हम सबकी स्थिति का आईना हैं। इसलिए उनका सम्मान करना और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना हम सबकी जिम्मेदारी है।”
उन्होंने बताया कि प्रदेश की पेंशन योजनाओं से 14 लाख बुजुर्ग लाभान्वित हो रहे हैं। आयुष्मान भारत और शहीद वीर नारायण सिंह स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत अब तक 8 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा दी जा चुकी है।
मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना और श्री रामलला दर्शन योजना से 50 हजार से अधिक बुजुर्गों ने लाभ उठाया है।
समाज कल्याण विभाग की जानकारी
समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि प्रदेश के 35 वृद्धाश्रमों में 1049 वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल की जा रही है। 6 जिलों में प्रशामक देखरेख गृह संचालित हैं और विभागीय हेल्पलाइन से अब तक 54 हजार से अधिक वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया गया है।
गणमान्य अतिथि
इस अवसर पर मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, इन्द्र कुमार साहू, अनुज शर्मा, छत्तीसगढ़ निःशक्तजन वित्त विकास निगम अध्यक्ष लोकेश कावड़िया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
पर्यटन साथी पहल : युवाओं के लिए नए अवसर
आयोजन के दौरान पर्यटन साथी पहल के लिए जिला प्रशासन रायपुर और ईज़ माई ट्रिप के बीच एमओयू हुआ। मुख्यमंत्री ने इस पहल के लिए प्रशासन को बधाई दी और कहा कि इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
इस पहल के अंतर्गत युवाओं को आईटीआई सड्डू में टूर गाइड के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रत्येक बैच में 50 युवाओं को शामिल कर तीन माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा।










