
KPN24:- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित डब्लू आर एस कॉलोनी मैदान में विजयादशमी उत्सव का भव्य आयोजन हुआ। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के महामहिम राज्यपाल रमेन डेका एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की गरिमामय उपस्थिति रही। मैदान में हजारों की संख्या में श्रद्धालुजन एकत्र हुए और रावण दहन व आतिशबाजी के रोमांचक दृश्यों का आनंद लिया।
महामहिम राज्यपाल रमेन डेका ने अपने उद्बोधन में कहा कि विजयादशमी केवल बुराई पर अच्छाई की विजय का पर्व ही नहीं, बल्कि आत्ममंथन का अवसर भी है। उन्होंने आह्वान किया कि सभी लोग अपने भीतर के अहंकार और बुराइयों को त्यागकर समाज व राष्ट्र की प्रगति में सकारात्मक योगदान दें।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विजयादशमी की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह पर्व अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हमें नकारात्मक प्रवृत्तियों को त्यागकर सत्य, सदाचार और सद्मार्ग का अनुसरण करना चाहिए।
इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, विधायक पुरंदर मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण उपस्थित रहे। मैदान में देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रम, रावण दहन और आतिशबाजी का उल्लास छाया रहा।










