
KPN24 :- मध्य प्रदेश के धार जिले के अमझेरा क्षेत्र से लव जिहाद का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश निवासी अमीर शेख नाम के व्यक्ति ने अपनी पहचान छिपाकर खुद को अनिल बताकर एक हिंदू महिला से दोस्ती की, शादी का झांसा दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने महिला पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाना शुरू कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की शादी वर्ष 2014 में हो चुकी थी। कुछ समय पहले वह अपने पति के साथ सूरत मजदूरी करने गई थी, वहीं अमीर ने अनिल नाम बताकर उससे परिचय बढ़ाया और विश्वास हासिल किया। बाद में महिला और उसके पति के बीच अनबन हो जाने पर वह अपने मायके लौट आई। इसी बीच आरोपी उससे लगातार संपर्क में बना रहा।
1 अक्टूबर 2025 की रात आरोपी महिला से मिलने उसके गांव पहुंचा और शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर एक पुलिया के पास बने प्रतीक्षालय में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद अमीर शेख ने महिला पर इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बनाया और इनकार करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी।
जब महिला घर नहीं लौटी तो परिजनों ने दसई पुलिस चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सर्च ऑपरेशन शुरू किया और देर रात महिला को बरामद कर लिया।
महिला के बयान दर्ज होने के बाद पूरा मामला उजागर हुआ। दसई चौकी प्रभारी जगदीश निनामा ने बताया कि आरोपी ने जानबूझकर अपनी पहचान छिपाई और महिला को धोखे में रखा। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी और धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2021 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल अमीर शेख पुलिस हिरासत में है और पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषी को सख्त सजा दिलाई जाएगी।










