"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

कलेक्टर जन्मेजय महोबे का सघन निरीक्षण : गांव की पगडंडियों से होते हुए पहुंचे हेडसपुर की पहाड़ियों तक, पीएम आवास और जल संरक्षण कार्यों की ली जानकारी

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानने कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने रविवार को जनपद पंचायत बलौदा के सुदूर ग्राम हेडसपुर और बक्सरा का सघन निरीक्षण किया। कलेक्टर गांव की पगडंडियों और खेतों की मेड़ों से गुजरते हुए हेडसपुर की पहाड़ियों तक पहुंचे और वहां मनरेगा के तहत चल रहे कंटूर ट्रेंच जल संरक्षण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने इन प्रयासों की सराहना करते हुए निर्देश दिया कि पहाड़ी पर व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया जाए, जिससे वर्षा जल संरक्षित रहे और पर्यावरण में हरियाली बढ़े।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कंटूर ट्रेंच निर्माण से पहले और बाद में जल संचयन की मात्रा का तुलनात्मक विवरण तैयार कर प्रस्तुत किया जाए, ताकि जल संरक्षण के प्रभाव का सटीक मूल्यांकन किया जा सके।

पीएम आवास निर्माण पर कलेक्टर का विशेष फोकस

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर महोबे ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत हेडसपुर और बक्सरा पंचायतों में निर्माणाधीन तथा पूर्ण आवासों की प्रगति का अवलोकन किया। उन्होंने लाभार्थियों गुडनिधि लाल, ईश्वर लाल, श्रीमती राजबाई, नोहर बाई, रमेश कुमार यादव और हरिराम के घर पहुंचकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता और स्थिति की जानकारी ली।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा —

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण गरीबों के जीवन स्तर को सुधारने की सबसे अहम योजना है। हर पात्र परिवार को समय पर पक्का मकान मिलना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निर्माण में कोई भी ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लाभार्थियों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाए और सभी आवास निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं।

क्यूआर कोड से मिली पारदर्शी जानकारी

हेडसपुर पंचायत भवन में लगे मनरेगा क्यूआर कोड को कलेक्टर ने स्वयं अपने मोबाइल से स्कैन कर गांव के पिछले तीन वर्षों के सभी कार्यों की डिजिटल जानकारी देखी। स्क्रीन पर कार्यों की पूरी सूची, खर्च राशि, भुगतान विवरण और लाभार्थियों की जानकारी प्रदर्शित हुई।

कलेक्टर महोबे ने इसे पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने की अभिनव पहल बताया। उन्होंने कहा —

अब ग्रामीण स्वयं मोबाइल से देख सकते हैं कि गांव में कौन से कार्य हुए, कितना खर्च हुआ और किसे लाभ मिला। यह व्यवस्था ग्रामीणों को विकास कार्यों की निगरानी में सहभागी बनाएगी।

ग्रामीणों से संवाद, अन्य योजनाओं की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और पीएम आवास, शौचालय, जल जीवन मिशन सहित अन्य योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी दी और अधिकारियों को विलेज एक्शन प्लान तैयार करने तथा किसानों का एग्रीस्टेक पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, जनपद सीईओ रोहित नायक, सरपंच, सचिव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More