
KPN24 :- छत्तीसगढ़ की माटी में जन्मी और कोरबा जिले की प्रतिभाशाली बेटी सुश्री लखनी साहू ने अपने समर्पण, सेवा भावना और कर्मनिष्ठा से पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है। ई. विश्वेश्वरैया इंजीनियरिंग कॉलेज की एनएसएस स्वयंसेविका लखनी साहू को माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी द्वारा “MY Bharat NSS राष्ट्रीय पुरस्कार (2022-23)” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत योगदान का गौरव है, बल्कि हर छत्तीसगढ़वासी के लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण है।
राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के माध्यम से लखनी साहू ने समाजसेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने सामाजिक सरोकारों, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सामुदायिक विकास जैसे अनेक अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई है। उनकी यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी, जो सेवा और समर्पण के मार्ग पर अग्रसर हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुश्री लखनी साहू को बधाई देते हुए कहा कि —
“यह उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ राज्य के लिए गर्व का विषय है। लखनी बिटिया ने अपनी मेहनत, निष्ठा और सेवा भावना से यह साबित किया है कि हमारे प्रदेश की बेटियां हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं और उज्ज्वल भविष्य के लिए मंगलकामनाएं।”










