"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

बसंतपुर के शासकीय प्राथमिक स्कूल में शराब के नशे में पहुंचे शिक्षक, पंचायत प्रतिनिधियों ने किया औचक निरीक्षण

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के विकासखंड बम्हनीडीह के अंतर्गत ग्राम पंचायत बसंतपुर में आज 7 अक्टूबर, मंगलवार को पंचायत पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों द्वारा शासकीय प्राथमिक शाला बसंतपुर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में पदस्थ शिक्षक राजेश कुमार कुर्रे को शराब के नशे में धुत पाया गया।

पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि पूछताछ करने पर शिक्षक राजेश कुमार कुर्रे ने स्वयं अपनी गलती स्वीकार की। प्रधान पाठक दामोदर देवांगन ने भी पुष्टि की कि संबंधित शिक्षक नशे की हालत में विद्यालय पहुंचे थे। प्रधान पाठक ने यह भी बताया कि इससे पहले भी शिक्षक राजेश कुर्रे शराब पीकर स्कूल आने की घटना कर चुके हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, शिक्षक राजेश कुमार कुर्रे कक्षा पांचवीं के शिक्षक हैं। विद्यालय का समय सुबह 10 बजे से शुरू होता है, लेकिन दोपहर 1 बजे तक छात्रों की उपस्थिति दर्ज नहीं की गई थी। कक्षा पांचवीं के छात्रों से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि शिक्षक नशे में विद्यालय आए और अब तक कोई भी शिक्षक कक्षा में पढ़ाने नहीं आया था।

निरीक्षण के दौरान उपस्थित पंचायत प्रतिनिधियों में गिरजा शंकर देवांगन, नीरू पटेल, दिल कुमार चौहान, अनिल कुमार पटेल, संतोष पटेल, कन्हैयालाल दुबे सहित कई ग्रामीण शामिल थे। उन्होंने बच्चों की कापियाँ जांची, जिससे यह तथ्य सामने आया कि चार महीने से स्कूल प्रारंभ होने के बाद भी बच्चों की कापियाँ जांची नहीं गई हैं।

पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने इस लापरवाही और अनुशासनहीनता पर शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों से शिक्षक राजेश कुमार कुर्रे के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की मांग की है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More