"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

सरकारी कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले :- दीपावली पूर्व अग्रिम वेतन भुगतान का निर्णय — मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी सौगात

KPN24:- छत्तीसगढ़ में दीपावली के शुभ अवसर पर प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों के लिए राज्य शासन ने एक महत्वपूर्ण और सौहार्दपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घोषणा की है कि अक्टूबर 2025 माह का वेतन 17 एवं 18 अक्टूबर को अग्रिम रूप से भुगतान किया जाएगा, ताकि कर्मचारी और उनके परिवारजन हर्षोल्लास के साथ दीपावली पर्व मना सकें।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि “आप सभी के परिश्रम, निष्ठा और समर्पण से ही छत्तीसगढ़ निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। त्योहार की खुशियों में कोई कमी न रहे, इसी भावना से राज्य शासन ने अग्रिम वेतन भुगतान का निर्णय लिया है।”

उन्होंने आगे कहा कि शासन उनके लिए केवल प्रशासनिक तंत्र नहीं, बल्कि कर्मठ साथियों का एक परिवार है, जो पूरे मनोयोग से जनता की सेवा में लगे हुए हैं। दीपावली से पूर्व वेतन भुगतान का यह निर्णय उसी आत्मीयता और सहयोग की भावना का प्रतीक है, जिससे हर घर में उजियारा और प्रसन्नता फैले।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वेतन वितरण की प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करने हेतु राज्य के सभी कोषालय एवं उपकोषालय 18 अक्टूबर (शनिवार, अवकाश दिवस) को भी खुले रहेंगे, ताकि किसी कर्मचारी को वेतन प्राप्ति में कोई असुविधा न हो।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल न केवल कर्मचारियों के घरों में सुख, समृद्धि और दीपोत्सव की रौनक बढ़ाएगी, बल्कि जीएसटी बचत उत्सव के साथ राज्य के बाजारों में भी नई चहल-पहल और आर्थिक ऊर्जा का संचार करेगी। इससे स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और छोटे उद्यमियों को भी प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा प्रदेश की अर्थव्यवस्था में उत्सव का उल्लास फैल जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंत में कहा —

“शासन का हर निर्णय अपने कर्मठ साथियों की खुशियों और सम्मान से जुड़ा है। दीपावली से पहले अग्रिम वेतन भुगतान उसी आत्मीय भावना का प्रतीक है कि हर घर में उजियारा फैले और हर हृदय में प्रसन्नता तथा विश्वास का दीप जले।”

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More