"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

एकता के प्रतीक लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर “एकता मार्च” की तैयारियों को लेकर हुई बैठक

KPN24:- भारत के प्रथम उपप्रधानमंत्री एवं देश के अखंडता पुरुष, भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले “एकता मार्च” की तैयारियों को लेकर आज जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने सर्किट हाउस जांजगीर में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली।

बैठक में आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, जगन्नाथ पाणिग्रही, गुलाब सिंह चंदेल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नंदिनी राजवाड़े, पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह, आशुतोष गोस्वामी, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर, एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

सांसद श्रीमती जांगड़े ने कहा कि—

“लौह पुरुष सरदार पटेल का जीवन हमें राष्ट्र की एकता, समरसता और दृढ़ इच्छाशक्ति का संदेश देता है। यह एकता मार्च युवाओं को उनके आदर्शों से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बनेगा। सभी तैयारियाँ समय पर पूरी की जाएं ताकि आयोजन ऐतिहासिक बन सके।”

जगन्नाथ पाणिग्रही ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रसेवा और एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिले और देश के प्रति समर्पण की भावना प्रबल हो। पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री नारायण चंदेल ने भी आयोजन की तैयारियों और व्यवस्था संबंधी बिंदुओं की जानकारी साझा की।

विद्यालयों में भी होगा “एकता सप्ताह” आयोजन

इस अवसर पर निर्णय लिया गया कि जिले के सभी हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में “सरदार पटेल का जीवन एवं योगदान” विषय पर वाद-विवाद, निबंध लेखन प्रतियोगिता और संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। विद्यार्थियों को नशा मुक्त भारत और ‘गर्व से स्वदेशी अपनाने’ की शपथ दिलाई जाएगी।

इसके साथ ही “एकता मार्च” से पूर्व सभी मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा तथा जनहित में स्वास्थ्य शिविरों का भी आयोजन होगा।

समापन श्रद्धांजलि और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ

यात्रा का समापन लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ किया जाएगा।
जिले के पाँच चयनित क्षेत्रों से उपलब्धि प्राप्त युवा इस यात्रा की शुरुआत कर नागपुर की ओर प्रस्थान करेंगे, जो देश की एकता और अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुँचाएंगे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More