
KPN24:- सक्ती जिले की जनपद पंचायत जैजैपुर के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत कोटेतरा ने एक सराहनीय और जनहितकारी कदम उठाया है। पंचायत की सरपंच श्रीमती सुनीता रमेश साहू ने ग्रामवासियों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए “सरपंच जनदर्शन” कार्यक्रम की शुरुआत की है।
इस पहल के तहत अब प्रत्येक माह के दो शुक्रवार को दोपहर 1 बजे से ग्राम पंचायत भवन या गुड़ी चौक कोटेतरा में जनदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस दौरान गांव का कोई भी नागरिक अपनी समस्या, शिकायत या सुझाव सीधे सरपंच के समक्ष रख सकेगा।
सरपंच श्रीमती सुनीता रमेश साहू ने बताया कि –
“ग्राम पंचायत का कार्य केवल योजनाओं का क्रियान्वयन ही नहीं, बल्कि जनता के बीच संवाद बनाना भी है। ‘सरपंच जनदर्शन’ के माध्यम से कोई भी ग्रामीण अपनी समस्या खुलकर रख सकेगा और हम उसका समाधान प्राथमिकता के साथ करेंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि जनदर्शन में प्राप्त शिकायतों और मांगों को संबंधित विभागों को पत्र के माध्यम से भेजा जाएगा, ताकि उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही प्रत्येक आवेदन की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी।
ग्राम पंचायत कोटेतरा द्वारा शुरू की गई यह पहल जनपद पंचायत जैजैपुर क्षेत्र की पहली पहल मानी जा रही है। ग्रामीणों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इस तरह की पहल से जनता और पंचायत के बीच सीधा संवाद बढ़ेगा और समस्याओं का समाधान तेजी से होगा।
इस कार्यक्रम से ग्राम पंचायत की भूमिका केवल प्रशासनिक इकाई नहीं बल्कि जनसेवा और जनसुनवाई का सशक्त मंच बनकर उभर रही है। कोटेतरा की इस पहल से अन्य पंचायतों को भी प्रेरणा मिलने की उम्मीद है।










