"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

रजत जयंती वर्ष के अवसर पर रायपुर में होगा एमआरएफ नेशनल सुपरक्रॉस चैम्पियनशिप 2025 का भव्य आयोजन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वयं बाइक चलाकर युवाओं को दिया सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश

KPN24:- छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष के अवसर पर राजधानी रायपुर का बूढ़ापारा आउटडोर स्टेडियम आगामी 8 और 9 नवम्बर को रफ्तार, रोमांच और युवाओं के उत्साह से गूंजेगा। रजत जयंती समारोह की श्रृंखला में आयोजित एमआरएफ नेशनल सुपरक्रॉस बाइक रेसिंग चैम्पियनशिप 2025 राज्य के युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और सकारात्मक सोच का प्रतीक बनेगी।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ मोटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता न केवल रोमांचक मोटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देगी, बल्कि युवाओं को सुरक्षित ड्राइविंग, हेलमेट पहनने और सड़क पर रेसिंग से बचने जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश भी देगी।

कार्यक्रम से पूर्व आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वयं बाइक चलाकर युवाओं को “सेफ ड्राइविंग” का संदेश दिया। उन्होंने कहा —

“युवाओं में अपार ऊर्जा है, और उस ऊर्जा को सही दिशा देना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। जीवन अनमोल है, इसलिए दुपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। सड़क पर रेसिंग न करें — रेसिंग केवल सुरक्षित ट्रैक पर ही हो।”

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि रजत जयंती वर्ष केवल राज्य की उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि नई पीढ़ी में अनुशासन, जिम्मेदारी और सुरक्षा के प्रति जागरूकता का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का युवा केवल रफ्तार से नहीं, बल्कि संयम और संकल्प से पहचाना जाए।

छत्तीसगढ़ मोटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष उज्जवल दीपक ने बताया कि यह आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास है। उन्होंने कहा,

हम चाहते हैं कि रफ्तार जुनून बने, जोखिम नहीं — यही इस चैम्पियनशिप की असली सोच है।”

कार्यक्रम की सबसे खास बात यह है कि यह रेसिंग सड़क पर नहीं, बल्कि विशेष रूप से निर्मित सुरक्षित रेसिंग ट्रैक पर आयोजित की जाएगी, जहाँ सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया गया है।

उल्लेखनीय है कि इस दो दिवसीय सुपरक्रॉस चैम्पियनशिप में देश के शीर्ष राइडर्स हिस्सा लेंगे। एमआरएफ के सहयोग से आयोजित यह प्रतियोगिता न केवल छत्तीसगढ़ को देश के मोटर स्पोर्ट्स मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगी, बल्कि युवाओं में सुरक्षित ड्राइविंग और हेलमेट संस्कृति को भी मजबूत बनाएगी।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More