"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

पारिवारिक विवाद से मानवता शर्मसार – व्यक्ति ने लगाई खुद को आग, इलाज के दौरान मौत

KPN24 :- मध्यप्रदेश के उज्जैन में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पारिवारिक कलह के बीच मानवता को झकझोर कर रख दिया। पारिवारिक विवाद से परेशान एक फर्नीचर निर्माता ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। लगभग 80 प्रतिशत झुलसने के कारण सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

यह हृदयविदारक घटना माधवनगर थाना क्षेत्र के शिवाजी पार्क इलाके की है। मृतक की पहचान राजेंद्र शर्मा के रूप में हुई है, जो फर्नीचर निर्माण का कार्य करता था। रविवार दोपहर राजेंद्र घर के बाहर आया और कुछ देर तक हंगामा करने के बाद अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह जलते हुए दिखाई दे रहा है।

गंभीर अवस्था में राजेंद्र को पहले चरक अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे इंदौर रेफर किया गया। सोमवार सुबह उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

मरने से पहले दिए दर्दनाक बयान
इलाज के दौरान पुलिस ने राजेंद्र का बयान दर्ज किया। उसने कहा कि उसकी पत्नी ज्योति शर्मा और शिप्रा विहार निवासी बहनोई संतोष कुमार ने उसके परिवार को उससे दूर कर दिया है, जिससे वह मानसिक रूप से टूट गया और यह कदम उठाया।

पत्नी का आरोप – शराब और सट्टे की लत ने किया परिवार को बर्बाद
राजेंद्र की पत्नी ज्योति शर्मा ने पलटवार करते हुए बताया कि उसके पति को शराब और सट्टे की बुरी लत थी। वह अक्सर पैसों की मांग करता, और मना करने पर गाली-गलौज व मारपीट करता था। ज्योति ने कहा, “वह हमें भी जला कर मार देना चाहता था। जब उसने खुद को आग लगाई, तब वह जलते हुए मेरी ओर दौड़ा।”

बेटी का बयान – ‘पापा ने खुद को जलाया, किसी ने नहीं’
राजेंद्र की बेटी माही शर्मा ने बताया कि पिता ने 22 अक्टूबर को उन्हें घर से निकाल दिया था, जिसके बाद वे मां और बहनों के साथ शिप्रा विहार स्थित फूफा संतोष शर्मा के घर रह रही थीं। माही ने कहा, “रविवार को पापा हमें लेने आए थे। जब मम्मी और मैं बाहर आए, तो उन्होंने खुद पर पेट्रोल डाल लिया। पापा ने जो आरोप लगाए हैं, वे पूरी तरह गलत हैं।”

पुलिस जांच जारी, पारिवारिक विवाद की गहराई में जाएगी टीम
सीएसपी दीपिका शिंदे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद की पुष्टि हुई है। राजेंद्र शराब के नशे में परिजनों से झगड़ा करता था। मृतक के भाई अजय शर्मा ने हालांकि गंभीर आरोप लगाए हैं कि राजेंद्र ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसे जलाया गया है।

माधवनगर थाना पुलिस ने बताया कि घटना का वीडियो, मौके से बरामद पेट्रोल डिब्बा और परिजनों के बयान जब्त कर लिए गए हैं। मृतक के बयान और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More