
मुख्य अतिथि रहे राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा — छत्तीसगढ़ रजत जयंती महोत्सव पर गूंजा “छत्तीसगढ़िया सबसे बढ़िया”
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव कार्यक्रम का समापन आज शासकीय हाई स्कूल मैदान, जांजगीर में हुआ। कार्यक्रम में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समापन अवसर पर मंत्री श्री वर्मा ने छत्तीसगढ़ के 25 वर्ष के विकास सफर को गौरवशाली बताते हुए कहा कि —
“अटल जी का सपना आज साकार हो रहा है। छत्तीसगढ़ अब संस्कृति, संकल्प और समृद्धि का संगम बन चुका है। 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में हमारा राज्य अग्रणी भूमिका निभा रहा है।”
विकास और संस्कृति का संगम बनी प्रदर्शनी
समारोह के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी में राज्य के 25 वर्षों की विकास यात्रा, योजनाओं और नवाचारों की झलक दिखाई दी। जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को मंच पर सम्मानित किया गया।
रंगारंग प्रस्तुतियों से गूंजा राज्योत्सव मंच
स्थानीय कलाकारों और शालेय छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत छत्तीसगढ़ी नृत्य, लोकगीत और नाट्य रूपांतरणों ने दर्शकों का मन मोह लिया। पारंपरिक वेशभूषा और संगीत की प्रस्तुति ने पूरे माहौल को “छत्तीसगढ़िया सबसे बढ़िया” की भावना से भर दिया।
कार्यक्रम में शामिल रहे जनप्रतिनिधि और अधिकारी
इस अवसर पर विधायक ब्यास कश्यप, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व सांसद श्रीमती कमला देवी पाटले, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवागढ़ेवाल, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, सीईओ जिला पंचायत गोकुल रावटे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
“छत्तीसगढ़ की आत्मा उसकी संस्कृति में बसती है” — मंत्री वर्मा
राजस्व मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी लोककला, बोली और परंपराओं से है।
“हम छत्तीसगढ़िया हैं और यही हमारी असली पहचान है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में छत्तीसगढ़ महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।”
उन्होंने बताया कि प्रदेश में किसानों को धान का समर्थन मूल्य ₹3100 प्रति क्विंटल दिया जा रहा है और प्रधानमंत्री आवास, महतारी वंदन जैसी योजनाओं से जनजीवन में समृद्धि आई है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अब नक्सलवाद से लगभग मुक्त हो चुका है और आने वाले वर्षों में शांति व विकास का केंद्र बनेगा।
सांसद कमलेश जांगड़े ने कहा — “अटल जी का सपना हुआ साकार”
लोकसभा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने कहा कि छत्तीसगढ़ की यह 25 वर्षीय यात्रा गौरव की गाथा है।
“अटल बिहारी वाजपेयी जी के दूरदर्शी निर्णय ने हमें पहचान दी। आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर है।”
कलेक्टर महोबे ने दी जिले के विकास कार्यों की जानकारी
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने स्वागत उद्बोधन में जिले के विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना, पी.एम. सूर्य घर योजना और अन्य नवाचारों को दर्शाया गया है।
कार्यक्रम के अंत में दर्शकों की मांग पर मंत्री टंकराम वर्मा ने अपनी मधुर आवाज में छत्तीसगढ़ी गीत प्रस्तुत किया —
“मोर भाखा संग दया माया के सुंदर हवे मिलाप रे, अइसन छत्तीसगढ़ीया भाखा कोनो संग झन नाप रे…”
गीत की धुन पर पूरा पंडाल “जय जोहार छत्तीसगढ़” के नारों से गूंज उठा।










