
KPN24:- कोरबाजिले के पाली में राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम” की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर शुक्रवार को पशु चिकित्सालय परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत गाकर देशभक्ति और एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत देश के प्रधानमंत्री के उद्बोधन से हुई, जिसके बाद उपस्थित सभी ने एक स्वर में वंदे मातरम गाकर वातावरण को देशप्रेम से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान पशु चिकित्साधिकारी डॉ. यू.के. तंवर ने कहा कि वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह भारत की आत्मा और संस्कृति का प्रतीक है। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के मार्गदर्शन में इस ऐतिहासिक पर्व को वर्षभर चलने वाले महाअभियान के रूप में मनाया जा रहा है। यह अभियान चार चरणों में — ग्राम, विकासखंड, जिला और राज्य स्तर पर — जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा।
डॉ. तंवर ने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से कलाकारों, विद्यार्थियों, सामाजिक संस्थाओं और नागरिक समूहों की भागीदारी से देशभक्ति के रंग में वातावरण को सराबोर करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को भारत की सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने और उनमें देशप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा तथा राष्ट्रीय चेतना की भावना को मजबूत करने का माध्यम बनेंगे।
इस अवसर पर उपस्थित चिकित्सकों और कर्मचारियों ने स्वच्छता बनाए रखने, गौ सेवा को बढ़ावा देने और जरूरतमंद गौवंश को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने की सामूहिक शपथ ली। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसके बाद परिसर में देशभक्ति का उल्लास वातावरण में देर तक गूंजता रहा।










