
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” योजना के तहत बाल दिवस के अवसर पर जिले में बालिकाओं के सशक्तिकरण और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम लक्ष्मणेश्वर महाविद्यालय खरौद, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान खरौद एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर शासकीय महाविद्यालय पामगढ़ में एक साथ आयोजित किए गए।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, स्वावलंबन और सामाजिक जागरूकता की भावना को विकसित करना था। इस अवसर पर “मेरे सपनों का भविष्य – मैं भविष्य में क्या बनना चाहती हूँ”, “परिवार में बेटियों के अधिकार”, “बालिकाओं की समाज में भूमिका” तथा “बेटियाँ ही भविष्य हैं” जैसे विषयों पर भाषण, कविता एवं निबंध प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं।
इसके अतिरिक्त बालिकाओं की सुरक्षा, सहायता, स्वच्छता, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग एवं ऑनलाइन व्यवहार जैसे विषयों पर कार्यशाला एवं जागरूकता सत्र भी आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में सायको-सोशल काउंसलर श्रीमती सरस्वती सोनी, चाइल्ड लाइन केसवर्कर सुश्री मैथिली कुलदीप, एकीकृत बाल विकास परियोजना पामगढ़ की पर्यवेक्षकों की टीम, शिक्षकों सहित बड़ी संख्या में छात्राएँ एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।










