
KPN24:- मुंबई बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र अब इस दुनिया में नहीं रहे। लंबे समय से बीमार चल रहे अभिनेता ने आज अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि होते ही फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में सेलेब्रिटीज़ और प्रशंसक अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे।
बेटे सनी देओल ने दी मुखाग्नि, कई सितारे रहे मौजूद
धर्मेंद्र के अंतिम संस्कार के दौरान उनके बेटे सनी देओल ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। श्मशान घाट पर शाहरुख खान, अमिताभ बच्चन, सलमान खान सहित कई दिग्गज हस्तियां श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
बीमारी से जूझ रहे थे धर्मेंद्र
पिछले कई दिनों से धर्मेंद्र की तबीयत खराब चल रही थी।
कुछ सप्ताह पहले उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
10 नवंबर को उनकी हालत गंभीर होने की खबरें सामने आई थीं और वेंटिलेटर सपोर्ट की भी चर्चा हुई थी।
बीच में सोशल मीडिया पर उनके निधन की अफवाहें फैलीं जिनका खंडन उनकी पत्नी हेमा मालिनी, बेटी ईशा देओल और बेटे सनी देओल ने किया था।
हालांकि आज सुबह अभिनेता ने हमेशा के लिए दुनिया को अलविदा कह दिया।
जन्मदिन से 14 दिन पहले दुनिया को कहा अलविदा
धर्मेंद्र 8 दिसंबर को 90 वर्ष के होने वाले थे।
परिवार उनके जन्मदिन को लेकर तैयारियां कर रहा था, लेकिन उससे पहले ही यह दुखद घटना घट गई। फैंस और फिल्म इंडस्ट्री दोनों ही सदमे में हैं। सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसक और करीबी उन्हें भावुक श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
धर्मेंद्र का फिल्मी सफर और आखिरी फिल्म
धर्मेंद्र हिंदी सिनेमा के सबसे सफल और लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक रहे हैं, जिनकी फिल्मों ने कई दशकों तक बॉलीवुड पर राज किया।
उनकी हाल ही में रिलीज़ फिल्म ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ थी, जिसमें वह शाहिद कपूर और कृति सेनन के साथ नजर आए थे।
उनकी अंतिम फिल्म ‘इक्कीस’ जल्द ही रिलीज़ होने वाली है, जिसका निर्देशन श्रीराम राघवन ने किया है।
फिल्म में वह अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा के पिता के किरदार में दिखाई देंगे।
यह फिल्म 25 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।










