"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

मुख्यमंत्री ने हाउसिंग बोर्ड की 2060 करोड़ की आवासीय परियोजनाओं का किया शुभारंभ

26 जिलों में 55 परियोजनाओं से तैयार होंगे 12 हजार से अधिक किफायती आवास
शंकर नगर बीटीआई ग्राउंड में 3 दिवसीय राज्य स्तरीय आवास मेला शुरू

KPN24:- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शंकर नगर स्थित बीटीआई ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय आवास मेले का शुभारंभ किया। इसी अवसर पर उन्होंने छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड की 2060 करोड़ रुपये की लागत वाली 55 नई आवासीय परियोजनाओं का भी लोकार्पण किया।

ये परियोजनाएं राज्य के 26 जिलों में संचालित होंगी और इनके माध्यम से 12 हजार से अधिक किफायती एवं गुणवत्तापूर्ण मकानों का निर्माण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर हाउसिंग बोर्ड के एआई चैटबॉट और नए पोर्टल की भी शुरुआत की, जिससे उपभोक्ताओं को विभिन्न आवासीय योजनाओं की जानकारी आसानी से उपलब्ध होगी।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायकगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हाउसिंग बोर्ड की टीम नवाचार के साथ काम करते हुए राज्य के लोगों को किफायती आवास उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने हाउसिंग बोर्ड के 790 करोड़ रुपये के कर्ज का भुगतान कर बोर्ड को कर्जमुक्त कर दिया है, जिससे अब परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना तथा पीएम जनमन योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में मंजूर किए गए आवासों की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आवास बुकिंग प्रमाणपत्र, आवास की चाबियों तथा फ्री होल्ड मकान के प्रमाण पत्र वितरित किए।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने हाउसिंग बोर्ड द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आवास मेले में उमड़ी भीड़ इसकी लोकप्रियता को दर्शाती है। उन्होंने बताया कि सरकार ने जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के लिए बजट में 14 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।

आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री की पहल पर हाउसिंग बोर्ड कर्जमुक्त हुआ है और एक वर्ष में बोर्ड ने 672 करोड़ रुपये का बिजनेस किया है। उपभोक्ताओं की मांग के आधार पर नई परियोजनाएं शुरू की जाएंगी।

हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने कहा कि बोर्ड अगले चरण में सभी विधानसभा क्षेत्रों में आवासीय परियोजनाएं शुरू करेगा।

तीन दिवसीय राज्य स्तरीय आवास मेला 25 नवम्बर तक चलेगा। पहले दिन से ही बड़ी संख्या में नागरिक परियोजनाओं की जानकारी लेने और आवास बुक कराने पहुंचे, जिसके चलते शंकर नगर से खम्हारडीह मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More