
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में महिला पीड़िता द्वारा की गई शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने थाना बिर्रा में पदस्थ प्रधान आरक्षक अनिल सिंह अजगल्ले के विरुद्ध त्वरित और कठोर कार्रवाई की है। आरोप है कि प्रधान आरक्षक ने पीड़िता के साथ हुई मारपीट के मामले में माननीय न्यायालय में चालान पेश करने के एवज में पैसों की मांग की थी।
शिकायत में यह भी उल्लेख था कि रुपए नहीं देने पर चालान में “स्कूटनी” निकालकर न्यायालय में पेश नहीं करने की धमकी दी गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से प्रधान आरक्षक अनिल सिंह अजगल्ले को थाना बिर्रा से हटाकर लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही, उनके विरुद्ध प्राथमिक जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस विभाग द्वारा पीड़ित महिला की शिकायत पर की गई इस त्वरित कार्रवाई को कानून व्यवस्था और जवाबदेही की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर साफ संकेत दिया गया है कि भ्रष्टाचार या दबावपूर्ण व्यवहार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।










