
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले की जांजगीर थाना पुलिस ने क्षेत्र के आदतन निगरानी बदमाश दिनेश राठौर, उम्र 30 वर्ष, निवासी नेताजी चौक जांजगीर के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
शराब के लिए पैसे मांगने पर बहन से मारपीट
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 03 नवम्बर 2025 की रात्रि लगभग 10 बजे, आरोपी दिनेश राठौर अपने घर पहुँच कर शराब पीने के लिए अपनी बहन एवं किराएदार होटल संचालक से पैसे की मांग कर रहा था। बहन द्वारा पैसे देने से इंकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी एवं मारपीट की। इस संबंध में पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना जांजगीर में अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना प्रारंभ की गई।
आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
विवेचना के दौरान आरोपी दिनेश राठौर को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार किया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर धारा 191(1), 296, 351(1), 115(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
इस कार्रवाई में निरीक्षक मणिकांत पांडेय, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी, तथा पुलिस स्टाफ का विशेष योगदान रहा।










