
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेचर फॉर्मिंग, रिकॉर्ड खाद्यान्न उत्पादन एवं महिला खेल उपलब्धियों की सराहना
KPN24:- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आज मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 128वीं कड़ी को लाइव सुना। मुख्यमंत्री ने इसे “देश की सामूहिक चेतना का उत्सव” बताया और कहा कि यह सिर्फ कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी और सकारात्मक बदलाव का प्रतीक बन चुका है।
नेचर फॉर्मिंग में छत्तीसगढ़ की अपार संभावनाएँ
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा नेचर फॉर्मिंग को बढ़ावा देने का संदेश अत्यंत प्रेरक है। छत्तीसगढ़ की कृषि संरचना, जल-जलवायु और प्रकृति आधारित खेती के लिए अनुकूल वातावरण राज्य को इस दिशा में अग्रणी बना रहा है। उन्होंने कहा कि देश के खाद्यान्न उत्पादन में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है, जिसमें छत्तीसगढ़ का योगदान महत्वपूर्ण है।
प्रधानमंत्री ने कई क्षेत्रों की उपलब्धियों की प्रशंसा की
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने—
खाद्यान्न उत्पादन में 357 मिलियन टन के राष्ट्रीय रिकॉर्ड,
शहद उत्पादन एवं प्रसंस्करण को बढ़ावा,
नौसेना सशक्तिकरण और स्वदेशी युद्धपोत ‘INS माहे’,
सऊदी अरब में पहली बार सार्वजनिक मंच पर गीता वाचन,
लातविया सहित कई देशों में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव,
स्पेस टेक्नोलॉजी में जेन-ज़ी के नवाचार,
महिला खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन,
विंटर टूरिज्म एवं विंटर गेम्स,
‘वोकल फॉर लोकल’ आंदोलन
जैसे प्रेरक विषयों का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी मिलना भारत के लिए गर्व का क्षण है।
‘मन की बात’ राष्ट्र निर्माण के समर्पित प्रयासों को पहचान दिलाती है – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कार्यक्रम में देश के अनदेखे नायकों और नवाचारों को पहचान मिलती है, जिससे जनता में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होता है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का वक्तव्य
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी विश्व के सबसे लोकप्रिय नेताओं में शामिल हैं और ‘मन की बात’ के माध्यम से सांस्कृतिक, सामाजिक एवं राष्ट्रीय मुद्दों को जन-जन तक पहुँचाते हैं। उन्होंने कहा कि आज का दिन विशेष है क्योंकि इसी दौरान प्रधानमंत्री स्वयं रायपुर में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में केबिनेट मंत्री केदार कश्यप, श्रीमती लक्ष्मी रजवाड़े, खुशवंत साहेब, विधायकगण किरण सिंह देव, राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, पूर्व विधायक नवीन मार्कण्डेय सहित निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।










