
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिला पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर थाना अकलतरा पुलिस ने बीती देर रात बड़ी कार्यवाही करते हुए अपराधिक गतिविधियों में शामिल 09 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन तथा SDOP अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी व थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा के नेतृत्व में की गई।
पुलिस की स्पेशल टीम ने क्षेत्र में अवैध गतिविधियों की रोकथाम एवं क्राइम कंट्रोल के उद्देश्य से दबिश अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान विभिन्न स्थानों में घेराबंदी कर संदिग्धों की जांच की गई।
कार्रवाई का विवरण
चेकिंग के दौरान एक आरोपी के कब्जे से 06 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसके विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
एक व्यक्ति को सार्वजनिक स्थान पर चिलम से गांजा पीते हुए पकड़ा गया, जिसके विरुद्ध NDPS एक्ट के तहत कार्यवाही की गई।
एक अन्य आरोपी को सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन करते पकड़ा गया, उसके विरुद्ध भी आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई हुई।
इसके अलावा पुलिस ने 06 आपराधिक तत्वों को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत गिरफ्तार किया।
पुलिस का विशेष अभियान जारी
थाना अकलतरा पुलिस द्वारा क्षेत्र में अवैध नशा कारोबार, अपराध नियंत्रण एवं संदिग्ध गतिविधियों पर नकेल कसने के उद्देश्य से विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










