
KPN24 :- म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के तत्वाधान में मानव अधिकार दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मण्डलेश्वर द्वारा ए.डी.आर. सेंटर में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की न्यायाधीश एवं सचिव सुश्री प्रीति जैन ने पैरालीगल वॉलंटियर्स को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को गरिमामय जीवन जीने का अधिकार प्राप्त है और उसके संरक्षण हेतु कानून में स्पष्ट प्रावधान मौजूद हैं। मानव अधिकार दिवस मानवाधिकारों की सार्वभौम घोषणा के सम्मान और संरक्षण के संकल्प का प्रतीक है।
जिला विधिक सहायता अधिकारी चन्द्रेश मण्डलोई ने संविधान में निहित मूल अधिकारों, कर्तव्यों और उनकी महत्वता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश में विविध धर्मों और संस्कृतियों के लोग रहते हैं, और भारतीय संविधान हर नागरिक को धर्म एवं संस्कृति का पालन करने की स्वतंत्रता देता है। उन्होंने बताया कि अधिकारों के साथ कर्तव्य भी निभाए जाने आवश्यक हैं।
मानव अधिकार परिषद (भारत) के प्रदेश सचिव संतोष ठाकुर ने प्रवासी मजदूरों और उनके बच्चों की समस्याओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कई मजदूर परिवार आधार कार्ड से वंचित हैं और उनके बच्चों को शिक्षा का अधिकार भी नहीं मिल पा रहा है। ऐसे परिवारों तक सहायता और योजनाओं का पहुंचना जरूरी है।
कार्यक्रम में पैरालीगल वॉलंटियर्स—दुर्गेश राजदीप, जोजु मुरियादन, राजेश पंवार, नवीन ठाकुर, आकील खान, देवदत्त एक्कल, सारिका जैन, सोनू शाह आदि ने भी अपने विचार साझा किए। कई ऑनलाइन वॉलंटियर्स भी कार्यक्रम में जुड़े।
जेल में भी मनाया मानव अधिकार दिवस
सबजेल मण्डलेश्वर में सुश्री प्रीति जैन ने बंदियों को उनके विधिक अधिकारों की जानकारी दी।
जिला विधिक सहायता अधिकारी चन्द्रेश मण्डलोई ने भी मानव अधिकारों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।
विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खरगोन में संचालित विधिक साक्षरता क्लब में विद्यार्थियों को मानव अधिकारों, संविधान में प्रदत्त संरक्षण एवं उनके महत्व के बारे में जागरूक किया गया।










