
मनीष विद्यार्थी, खरगोन
KPN24:- मध्यप्रदेश के खरगोन में आधुनिक संत ओशो, जिन्हें उनके साधकों द्वारा भगवान श्री की उपाधि दी गई है, आज भी दुनिया भर में करोड़ों अनुयायियों के प्रेरणास्रोत बने हुए हैं। सहज, उत्साहपूर्ण और जागरूक जीवनशैली का मार्ग दिखाने वाले ओशो का जन्मदिन हर वर्ष 11 दिसंबर को वैश्विक उत्सव के रूप में मनाया जाता है।
खरगोन के पहाड़सिंगपुरा स्थित राम मंदिर के पास की धर्मशाला में भी बुधवार को ओशो साधकों ने भव्य उत्सव मनाया। कार्यक्रम में लगभग 3 हजार अनुयायी शामिल हुए, जहां ध्यान, नृत्य, सामूहिक प्रार्थना और भक्तिमय वातावरण में अहोभाव की अद्भुत अनुभूति देखने को मिली। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक भोज का भी आयोजन किया गया।
आयोजनकर्ता स्वामी संतोष रघुवंशी ने बताया कि खरगोन शहर ही नहीं, पूरे जिले में ओशो प्रेमियों की संख्या काफी अधिक है और उनमें से ज्यादातर लोग इस आध्यात्मिक उत्सव में शामिल हुए। विशाल पंडाल में ओशो की आकर्षक व बड़ी तस्वीरें सजाई गई थीं, वहीं विशेष रूप से सजा ओशो दरबार लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम के दौरान दीपक डंडीर, बबलू पाराशर सहित हजारों साधक ओशो के ध्यान संगीत और प्रवचनों की धुनों पर झूमते नजर आए। वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक उल्लास से भर गया।










