"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

खाई में पैर फिसलने से बी.टेक के होनहार छात्र की दर्दनाक मौत:- बंदरों को बिस्किट खिलाते समय जाम गेट पर हुआ हादसा

KPN24:- खरगोन जिले के मंडलेश्वर–महू मार्ग पर स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जाम गेट पर मंगलवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। यहां घूमने आए बी.टेक के एक होनहार छात्र की खाई में गिरने से मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बी.टेक प्रथम वर्ष का छात्र सुजल कनौजे (26) अपने दोस्तों के साथ जाम गेट घूमने आया हुआ था। इसी दौरान वह बंदरों को बिस्किट खिला रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरी खाई में जा गिरा। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस व प्रशासन को सूचना दी।

सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन गहरी खाई और गंभीर चोटों के कारण सुजल को बचाया नहीं जा सका। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

सुरक्षा इंतजामों का अभाव बना हादसे की वजह

उल्लेखनीय है कि जाम गेट खरगोन जिले का प्रमुख पर्यटन स्थल होने के साथ-साथ धार्मिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। यहां माता पार्वती मंदिर के दर्शन के लिए खरगोन व इंदौर सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचते हैं।

इसके बावजूद स्थल पर गहरी खाई होने के बाद भी सुरक्षा रेलिंग, चेतावनी संकेतक बोर्ड और रोक-टोक की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए होते, तो इस दर्दनाक हादसे को टाला जा सकता था।

घटना के बाद प्रशासन की लापरवाही पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं और पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर उचित कदम उठाने की मांग की जा रही है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More