"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

पशु आहार के कट्टों के नीचे छुपाकर हो रही थी अवैध शराब की तस्करी

पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक से 21 लाख रुपये की 485 पेटी अवैध शराब की जप्त

मनीष विद्यार्थी खरगोन।

KPN24:- खरगोन जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंडलेश्वर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पशु आहार के कट्टों के नीचे छुपाकर ले जाई जा रही भारी मात्रा में अवैध शराब जप्त की है।

पुलिस ने गुजरात पासिंग टाटा ट्रक से 485 पेटी अवैध शराब (कुल 4365 लीटर) जप्त की है, जिसकी कीमत लगभग 21 लाख 12 हजार 660 रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही अवैध शराब के परिवहन में प्रयुक्त टाटा ट्रक (कीमत लगभग 20 लाख रुपये) एवं 200 पशु आहार के कट्टे (कीमत लगभग 58 हजार रुपये) भी जप्त किए गए हैं। इस प्रकार कुल 41 लाख 70 हजार 600 रुपये की सामग्री जप्त की गई है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

थाना प्रभारी मंडलेश्वर उनि दीपक यादव को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति गुजरात पासिंग ट्रक में पशु आहार के कट्टों के नीचे अवैध शराब की पेटियां छुपाकर मंडलेश्वर–धमनोद मार्ग से तस्करी करने वाला है। सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस टीम का गठन कर गांधीनगर क्षेत्र में नाकाबंदी की गई।

कुछ समय बाद मुखबिर के बताए अनुसार ट्रक क्रमांक GJ25T-8388 मौके पर पहुंचा, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर रोका। जांच के दौरान ट्रक में ऊपर पशु आहार के कट्टे भरे पाए गए। कट्टों को हटाकर तलाशी लेने पर नीचे बड़ी मात्रा में अवैध शराब की पेटियां मिलीं। शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से आरोपी दलपत पिता नाथूसिंह राणावत (उम्र 29 वर्ष) निवासी बडारखेडा, तहसील बंगु, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इनका रहा विशेष योगदान

यह कार्रवाई एसडीओपी मंडलेश्वर श्रीमती श्वेता शुक्ला के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी उनि दीपक यादव के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उनि प्रवीण निकुम, सउनि रमेश वास्कले, प्र.आर. अनिल, संजय, दिनेश, गुमानसिंह डावर, आर. अमित, अभिषेक, शैलेष, राजकुमार, जनकसिंह, राकेश, रविशंकर, जितेन्द्र एवं मुकेश का सराहनीय योगदान रहा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More