
KPN24:- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इथियोपिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रेट ऑनर निशान ऑफ़ इथियोपिया’ से अलंकृत किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इसे भारत के लिए एक ऐतिहासिक, अविस्मरणीय एवं अत्यंत गौरवशाली क्षण बताया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान भारत की निरंतर बढ़ती अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा, विश्व मंच पर एक भरोसेमंद साझेदार के रूप में उभरती भूमिका तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त, दूरदर्शी और निर्णायक नेतृत्व का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक कूटनीति, विकास, शांति और सहयोग के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छुआ है। आज 140 करोड़ भारतीय अपने देश को विश्व समुदाय में और अधिक सम्मान, आदर एवं प्रभाव के साथ स्थापित होते देख गर्व का अनुभव कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह सम्मान केवल प्रधानमंत्री श्री मोदी का ही नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है और यह देश के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करता है।










