"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

हसौद में बाबा गुरु घासीदास जयंती का दो दिवसीय भव्य आयोजन

18 व 19 दिसंबर को जय सतनाम तहसील परिसर में होंगे विविध कार्यक्रम

KPN24 :- संत शिरोमणि, परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास जी की 269वीं जयंती के पावन अवसर पर सक्ती जिले के ग्राम हसौद में दो दिवसीय भव्य जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन 18 एवं 19 दिसंबर 2025 को मुख्य जय सतनाम तहसील परिसर, हसौद, जिला सक्ती में संपन्न होगा। आयोजन का यह 12वां वर्ष है, जिसे लेकर क्षेत्र में विशेष उत्साह एवं उल्लास का माहौल बना हुआ है।

यह भव्य आयोजन समस्त सतनामी समाज हसौद परिक्षेत्र द्वारा किया जा रहा है। आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बाबा गुरु घासीदास जी के अमर संदेश “मनखे-मनखे एक समान” को जन-जन तक पहुंचाना, सामाजिक समरसता को मजबूत करना तथा समाज में समानता, भाईचारे और सद्भाव का वातावरण निर्मित करना है।

पहला दिन : 18 दिसंबर 2025 (गुरुवार)

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 8 बजे से 10 बजे तक ग्राम में रंगोली प्रदर्शन से होगी, जिसमें श्रद्धालु अपने-अपने घरों के सामने रंगोली बनाकर सहभागिता करेंगे।
प्रातः 10 से 11 बजे तक गुरु वंदना एवं पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
दोपहर 1 बजे से शाम 6 बजे तक भव्य सतनाम संदेश यात्रा एवं ध्वजारोहण संपन्न होगा।
सायं 7 बजे से सामूहिक भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
रात्रि 8 से 9 बजे तक आमंत्रित अतिथियों के उद्बोधन होंगे।
इसके पश्चात रात्रि 9 बजे से स्कूली बच्चों एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सतनाम भजन की प्रस्तुति दी जाएगी।

दूसरा दिन : 19 दिसंबर 2025 (शुक्रवार)

प्रातः 10 से 11 बजे तक गुरु वंदना एवं पूजन के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी।
11 बजे से शाम 5 बजे तक संविधान, सामाजिक एवं आर्थिक विषयों पर परिचर्चा, सत्संग तथा बच्चों द्वारा सतनाम पंथ से संबंधित प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
सायं 5 से 7 बजे तक सतनाम समिति एवं आमंत्रित अतिथियों के उद्बोधन होंगे।
सायं 7 से 9 बजे तक पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।
रात्रि 9 बजे से सुप्रसिद्ध गायिका आरती बारले एवं लोक सांस्कृतिक कला मंच ‘सुर-झंकार’, भिलाई द्वारा भव्य सतनाम भजन कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जाएगी।

रंगोली प्रतियोगिता रहेगी आकर्षण का केंद्र

समारोह के अंतर्गत आयोजित रंगोली प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी, जिसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

आयोजन समिति के पदाधिकारी

गुरु घासीदास जयंती आयोजन समिति, हसौद के पदाधिकारी इस प्रकार हैं—
अध्यक्ष: बिरेंद्र कुमार धिरहे
उपाध्यक्ष: तोहित बंजारे एवं नीरा बंजारे
सचिव: गौतम भारद्वाज
सह-सचिव: नंदलाल भारद्वाज एवं काजल सोना
कोषाध्यक्ष: झमेंद्र भार्गव
सह-कोषाध्यक्ष: भोजराम जांगड़े एवं संगीता भार्गव

क्षेत्रवासियों के अनुसार हसौद क्षेत्र में सतनाम समाज द्वारा आयोजित बाबा गुरु घासीदास जयंती समारोह अपनी भव्यता, अनुशासन एवं जनभागीदारी के कारण छत्तीसगढ़ स्तर पर विशिष्ट पहचान रखता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी आयोजन को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है।

आयोजन समिति ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों एवं सतनामी समाज से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर समारोह को सफल बनाने तथा बाबा गुरु घासीदास जी के मानवता, समानता और भाईचारे के संदेशों को जीवन में आत्मसात करने की अपील की है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More