
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिला कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में जिले में राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का आयोजन 21 दिसम्बर 2025 से किया जाएगा। तीन दिवसीय इस अभियान के अंतर्गत 0 से 05 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी।
जिले में कुल 1,53,941 बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें शहरी क्षेत्रों के 28,873 तथा ग्रामीण क्षेत्रों के 1,25,041 बच्चे शामिल हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.के. मरकाम ने बताया कि अभियान के सफल संचालन हेतु जिले में कुल 922 बूथ बनाए गए हैं। इसके साथ ही 21 ट्रांजिट टीम एवं 10 मोबाइल टीम तैनात की गई हैं। विकासखंडवार बूथों की संख्या इस प्रकार है— नवागढ़ 255, अकलतरा 154, बलौदा 175, पामगढ़ 170 एवं बम्हनीडीह 167 बूथ।
उन्होंने बताया कि ट्रांजिट टीमें बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशनों पर कार्यरत रहेंगी, जबकि मोबाइल टीमें ईंट-भट्ठों, गिट्टी खदानों, नदी किनारे बसे क्षेत्रों, दूरस्थ ग्रामों, घुमंतू जनसंख्या की बस्तियों तथा मजदूरों की अस्थायी बसाहटों में जाकर बच्चों को खोजकर पोलियो ड्रॉप्स पिलाएंगी।
अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु राजस्व, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, पंचायत एवं समाज कल्याण विभाग के साथ-साथ मितानिनों, कोटवारों, निजी चिकित्सालयों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाएगा। अभियान की निगरानी के लिए 192 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। राज्य, जिला, विकासखंड एवं सेक्टर स्तर के अधिकारी सतत मॉनिटरिंग करेंगे।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि 21 दिसम्बर 2025 को 0 से 05 वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पल्स पोलियो बूथ पर लाकर पोलियो वैक्सीन की दो बूंद अवश्य पिलाएं, ताकि जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखा जा सके।










