
मनीष विद्यार्थी खरगोन।
KPN24:- पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 21 दिसंबर को विश्व ध्यान दिवस के अवसर पर ध्यान शिविरों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक रविंद्र वर्मा के मार्गदर्शन में खरगोन पुलिस लाइन एवं जिले के समस्त थानों में हार्टफूलनेस संस्थान के सहयोग से विशेष ध्यान शिविर आयोजित किए गए।
आयोजित शिविरों में पुलिसकर्मियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को केंद्र में रखते हुए हार्टफूलनेस संस्थान के प्रशिक्षकों द्वारा ध्यान एवं योग के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान विभिन्न ध्यान मुद्राओं के माध्यम से ध्यान, प्राणायाम एवं योगाभ्यास की विधियों को व्यवहारिक रूप से समझाया गया।
प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित ध्यान एवं योग से मानसिक तनाव से मुक्ति मिलती है, शारीरिक स्वास्थ्य सुदृढ़ होता है तथा जीवन में सकारात्मक सोच का विकास होता है। साथ ही कई बीमारियों से बचाव एवं राहत में भी योग सहायक सिद्ध होता है।
इस अवसर पर पुलिसकर्मियों को प्रतिदिन ध्यान व योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम को पुलिस विभाग द्वारा मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय एवं प्रेरणादायी पहल माना जा रहा है।










