"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

पोस्ट ऑफिस धोखाधड़ी मामले में चांपा पुलिस को बड़ी सफलता, आरोपी एजेंट गिरफ्तार

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में पोस्ट ऑफिस में खाताधारकों से धोखाधड़ी के एक बड़े मामले में चांपा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लगभग 200 खाताधारकों से एक करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी एजेंट को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी दीपक कुमार देवांगन पिता फिरत राम देवांगन (उम्र 35 वर्ष), निवासी अमरैयापारा भोजपुर, चांपा पोस्ट ऑफिस का एजेंट था। आरोपी द्वारा खाताधारकों से मासिक किस्त की राशि लेकर खातों में जमा नहीं की जाती थी, बल्कि फर्जी एंट्री, नकली हस्ताक्षर और पोस्ट ऑफिस की फर्जी सील लगाकर धोखाधड़ी की जा रही थी।
मामले का संक्षिप्त विवरण
प्रार्थी राजकुमार देवांगन निवासी चरण नगर, चांपा ने दिनांक 16 दिसंबर 2025 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि उसने वर्ष 2018 में पोस्ट ऑफिस चांपा में दो खाते खुलवाए थे, जिनकी मासिक किस्त ₹1500 वह एजेंट दीपक कुमार देवांगन के माध्यम से जमा करता था।
प्रार्थी द्वारा कुल ₹66,000 जमा कराए गए, जिसमें से केवल ₹6,900 ही खाते में वास्तविक रूप से जमा किए गए, शेष ₹59,100 की राशि आरोपी द्वारा हड़प ली गई और खातों में फर्जी एंट्री की गई।
जांच के दौरान सामने आया कि इसी तरह आरोपी ने बीते पांच वर्षों में लगभग 200 खाताधारकों से एक करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं एसडीओपी चांपा यदुमणी सिदार को दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर थाना चांपा एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार देवांगन को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने धोखाधड़ी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि उसने धोखाधड़ी से प्राप्त रकम ऑनलाइन बेटिंग एप के माध्यम से गंवा दी।
जप्त सामग्री
आरोपी के कब्जे से—
01 मोबाइल फोन
02 फर्जी सिम
04 बैंक खाते
लगभग 150 पोस्ट ऑफिस खाते
एजेंट का लाइसेंस
पोस्ट ऑफिस की नकली सील एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज
जप्त किए गए हैं। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
आगे की कार्रवाई
पुलिस द्वारा अन्य खाताधारकों, पोस्ट ऑफिस के अधिकारी-कर्मचारियों से पूछताछ कर विस्तृत जांच की जा रही है। प्रकरण में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की तलाश जारी है। साइबर सेल द्वारा ऑनलाइन बेटिंग एप से जुड़े तकनीकी साक्ष्य भी एकत्र किए जा रहे हैं।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता (थाना प्रभारी चांपा), निरीक्षक सागर पाठक (प्रभारी साइबर सेल), उप निरीक्षक बेल सज्जर लकड़ा, सहायक उप निरीक्षक विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक विवेक, आरक्षक प्रदीप, माखन, श्रीकांत, रोहित, शंकर राजपूत, वीरेश सिंह, संजय केवट, सचिन एक्का, कैलाश यादव, जय उरांव, भूपेंद्र गोस्वामी एवं रूप नारायण का विशेष योगदान रहा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More