
KPN24:- जांजगीर–चांपा जिले में मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन एवं अन्य वीवीआईपी के प्रस्तावित आगमन को दृष्टिगत रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज डॉ. संजीव शुक्ला द्वारा पुलिस कार्यालय जांजगीर में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक जांजगीर–चांपा विजय कुमार पाण्डेय सहित रेंज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारीगण उपस्थित रहे। इस दौरान कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा, आवागमन मार्ग, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, कानून-व्यवस्था एवं आपातकालीन प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी प्रवेश एवं निकास बिंदुओं पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सतत निगरानी, बम निरोधक दस्ते की सक्रिय तैनाती तथा यातायात को सुचारू बनाए रखने हेतु प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही उन्होंने आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखने तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों को सतर्क रहकर अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।










