"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

केरल में प्रवासी मजदूर की पीट-पीटकर हत्या :- “बांग्लादेशी” होने के आरोप में करही निवासी युवक की गई जान, पांच आरोपी गिरफ्तार

KPN24:- सक्ती जिले से केरल में मजदूरी करने गए करही निवासी एक प्रवासी मजदूर की बेरहमी से पिटाई कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना 17 दिसंबर, बुधवार की बताई जा रही है। मृतक की पहचान रामनारायण बघेल (उम्र लगभग 40 वर्ष), निवासी ग्राम पंचायत करही (किकिरदा), थाना बिर्रा के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रामनारायण बघेल, पिता स्व. गोविंद राम बघेल, करीब एक सप्ताह पूर्व रोज़गार की तलाश में केरल के पलक्कड़ पहुँचा था। पत्नी, दो छोटे बच्चों और वृद्ध माता की जिम्मेदारी उठाने के लिए वह बाहर मजदूरी करने गया था। बताया जा रहा है कि काम की तलाश के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने उसे घेर लिया और कथित तौर पर “बांग्लादेशी” होने का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने इतनी बेरहमी से पिटाई की कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और जांच शुरू की। केरल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में शोक और आक्रोश व्याप्त है। परिजनों का आरोप है कि अब तक केरल सरकार या स्थानीय प्रशासन की ओर से किसी भी प्रकार के मुआवजे की घोषणा नहीं की गई है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए यह घटना बड़ा संकट बनकर सामने आई है। परिजनों ने तत्काल मुआवजा, दोषियों को कठोर सजा और मृतक के शव को सम्मानपूर्वक उसके पैतृक गांव करही (थाना बिर्रा) तक पहुँचाने की मांग की है।
बताया जा रहा है कि मृतक के कुछ परिजन घटना स्थल के लिए रवाना हो चुके हैं, ताकि कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को गांव लाने की व्यवस्था की जा सके।
यह दर्दनाक घटना एक बार फिर प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है। स्थानीय प्रशासन और राज्य सरकारों से अपेक्षा की जा रही है कि वे संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ित परिवार को त्वरित राहत और न्याय सुनिश्चित करें।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More