"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

“जो कहा, वह किया… जो नहीं कहा, वह भी करके दिखाया” – केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा

जांजगीर-चांपा में छत्तीसगढ़ सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर ‘जनादेश परब’ का भव्य आयोजन

KPN24:- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार के सफल दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जांजगीर-चांपा जिले के खोखराभाठा पुलिस लाइन मैदान में ‘जनादेश परब’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा रहे। वंदे मातरम् और राज्यगीत के साथ आरंभ हुए इस आयोजन में जनविश्वास, गौरव और विकास के संकल्प को दोहराया गया।

केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने मंच से कहा कि “जो कहा, वह किया और जो नहीं कहा, वह भी करके दिखाया।” उन्होंने सरकार के दो वर्षों के रिपोर्ट कार्ड को प्रस्तुत करते हुए कहा कि किसानों, महिलाओं, युवाओं और श्रमिकों के हित में लिए गए फैसलों का असर जमीनी स्तर पर साफ दिखाई दे रहा है।
उन्होंने बताया कि सरकार गठन के पहले ही महीने में किसानों को 3700 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया, जबकि बीते दो वर्षों में 1.25 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रत्यक्ष अंतरण के माध्यम से अन्नदाताओं तक पहुंचाई गई। वहीं, 5 लाख से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूरों को 10-10 हजार रुपये की सहायता देकर सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा को मजबूत किया गया।
श्री नड्डा ने युवाओं के लिए पारदर्शी भर्ती प्रणाली, 32 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया, लोक सेवा आयोग में पारदर्शिता, नालंदा लाइब्रेरी की स्थापना और आईटीआई के आधुनिकीकरण को “भविष्य निर्माण की मजबूत नींव” बताया। महिलाओं के स्वावलंबन हेतु महतारी वंदन योजना, महतारी सदन, पीएम जनमन योजना के तहत 70 लाख परिवारों को लाभ और धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष योजना को उन्होंने सरकार की संवेदनशील सोच का उदाहरण बताया।
उन्होंने यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ का रेलवे बजट 22 गुना बढ़ा है, 32 अमृत स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं और आयुष्मान भारत, उज्ज्वला, जल जीवन मिशन व पीएम-किसान जैसी योजनाओं से आम जनता को व्यापक लाभ मिला है।


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर बधाई देते हुए कहा कि सरकार जनता के विश्वास पर खरा उतरने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना और चरण पादुका योजना जैसी योजनाओं से प्रदेश में विकास को नई गति मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई से नक्सल-मुक्त छत्तीसगढ़ की दिशा में ठोस प्रगति हुई है। सुरक्षा, पुनर्वास और विकास की समन्वित रणनीति से शांति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने विजन डॉक्यूमेंट 2047 का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाना है।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने जांजगीर-चांपा में जनादेश परब के आयोजन को ऐतिहासिक बताया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को राज्य सरकार तेजी से पूरा कर रही है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सरकार बनने के बाद 18 लाख से अधिक आवास स्वीकृत किए गए हैं और विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है।
वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि सरकार ने लोकतंत्र, जनविश्वास और सुशासन को सशक्त किया है। विजन डॉक्यूमेंट के माध्यम से छत्तीसगढ़ विकास के नए मानक स्थापित कर रहा है। जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने भी सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर जनता को बधाई दी।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में दो वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित रिपोर्ट कार्ड और “सेवा के 2 साल” पुस्तक का विमोचन किया। अतिथियों का पारंपरिक रूप से कोसा और कांसा भेंट कर स्वागत किया गया।


इस अवसर पर विभिन्न विभागों की विकासमूलक प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया, जहां मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर योजनाओं के प्रभाव को जाना। पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को चाबियां सौंपी गईं और अधिकारियों को योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More