"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

बोरवां कॉलेज में होनहार छात्र ने कीटनाशक पीकर की आत्महत्या, इलाज के दौरान मौत

तनाव में था छात्र, परिजनों ने कॉलेज प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप

मनीष विद्यार्थी खरगोन 
KPN24:- खरगोन जिले के कसरावद थाना क्षेत्र अंतर्गत बोरवां स्थित एक फार्मेसी कॉलेज से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कॉलेज में अध्ययनरत बी-फार्मेसी द्वितीय वर्ष के एक होनहार छात्र ने कथित तौर पर मानसिक तनाव के चलते कीटनाशक पी लिया। हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल जिला अस्पताल खरगोन में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक छात्र की पहचान सचिन जायसवाल के रूप में हुई है, जो खंडवा जिले के गुड़ी गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि यह घटना रविवार देर शाम की है, जब हॉस्टल में मौजूद साथियों ने सचिन की तबीयत बिगड़ती देख तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया।
मानसिक तनाव में था छात्र, परिजनों का आरोप
परिजनों का कहना है कि सचिन पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। मृतक के भाई ने कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि सचिन ने अपनी मानसिक स्थिति से कॉलेज प्रशासन को अवगत कराया था और हॉस्टल से छुट्टी की मांग भी की थी, लेकिन उसकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया गया।
मृतक के भाई के अनुसार—
“सचिन तनाव में था और उसने हॉस्टल से छुट्टी की मांग की थी, लेकिन वार्डन और टीजी शिक्षक ने उसे छुट्टी नहीं दी।”
परिजनों ने कॉलेज के वार्डन और टीजी शिक्षक कौशल पटेल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय रहते छात्र की स्थिति को समझा जाता, तो इस दुखद घटना को टाला जा सकता था।

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही कसरावद पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और परिजनों के आरोपों को भी जांच में शामिल किया जाएगा।
इस संबंध में कॉलेज प्रशासन का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनसे संपर्क नहीं हो सका।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More