
KPN24:- प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सोमवार को जिला चिकित्सालय जांजगीर-चांपा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की समग्र व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए स्वच्छता, दवाओं की उपलब्धता एवं मरीजों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की गहन समीक्षा की।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने जिला चिकित्सालय में नवनिर्मित ओपीडी हॉल तथा नवजात शिशुओं के बेहतर उपचार हेतु तैयार किए गए 10 बेड के अत्याधुनिक एनआईसीयू (नवजात गहन चिकित्सा इकाई) का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि एनआईसीयू के शुभारंभ से अब क्षेत्र के नवजात शिशुओं को गंभीर उपचार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय पर इलाज सुनिश्चित होगा और शिशु मृत्यु दर में कमी आएगी।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने जीवनदीप समिति के माध्यम से स्वीकृत विकास कार्यों की जानकारी ली और कलेक्टर जन्मेजय मोहबे के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मरीजों की आवश्यकता के अनुरूप समयबद्ध स्वीकृतियाँ देना एक सराहनीय पहल है, जिससे जिला चिकित्सालय की सेवाएँ लगातार सुदृढ़ हो रही हैं।
इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, संचालक संजीव झा, सहायक संचालक डॉ. सुरेंद्र पाम्भोई, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.के. मरकाम, सिविल सर्जन डॉ. एस. कुजूर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक उत्कर्ष तिवारी, जिला अस्पताल प्रबंधक अंकित ताम्रकार, आरएमओ डॉ. संदीप साहू सहित जिला चिकित्सालय के समस्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।










