"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

मनरेगा को ‘जी राम जी’ में बदलने के विरोध में सड़क पर उतरी कांग्रेस:- महामहिम राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

मनीष विद्यार्थी खरगोन।
KPN24:- लोकसभा में पारित महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के स्थान पर लाए गए नए विधेयक ‘जी राम जी’ के विरोध में सोमवार को जिला मुख्यालय पर कांग्रेस पार्टी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर केंद्र सरकार के फैसले के खिलाफ नारेबाजी की और मनरेगा को पुनः बहाल करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर तानाशाही और मनमानी रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार का मजबूत आधार रही मनरेगा को समाप्त कर उसका नाम और स्वरूप बदलना गरीब, मजदूर और ग्रामीण जनता के हितों के खिलाफ है।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि देशभर से मनरेगा में कथित भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आने के बाद केंद्र सरकार ने योजना में बदलाव का मसौदा तैयार किया और इसके स्थान पर ‘जी राम जी’ योजना लागू कर दी। कांग्रेस का आरोप है कि यह बदलाव केवल नाम परिवर्तन नहीं, बल्कि रोजगार की गारंटी को कमजोर करने की साजिश है।
इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि नाईक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने “महात्मा गांधी अमर रहें” और “मनरेगा वापस लाओ” जैसे नारे लगाए तथा विरोध स्वरूप विधेयक की प्रतियां जलाकर आक्रोश जताया।
प्रदर्शन के उपरांत कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि मनरेगा को पूर्ववत बहाल किया जाए और नए विधेयक को वापस लिया जाए।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जनहित की इस योजना पर पुनर्विचार नहीं किया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More