
जांजगीर-चांपा, 23 दिसंबर 2025 KPN24.com :- भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, रायपुर के निर्देशानुसार जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन आज किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक लेकर पूरी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी साझा की।
जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य 28 अक्टूबर 2025 से प्रारंभ किया गया था। इसके तहत मतदाताओं के सत्यापन एवं एसआईआर के डिजिटाइजेशन का कार्य 4 नवंबर से 18 दिसंबर 2025 (संशोधित तिथि) तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर पूर्ण किया गया। आयोग के निर्देशानुसार आज इस पुनरीक्षण के अंतर्गत निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन किया गया।
बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ राज्य में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के संदर्भ में निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण किया जा रहा है। इसके तहत जिले के समस्त मतदान केन्द्रों सहित ईआरओ एवं एईआरओ कार्यालयों में मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक सूची के संबंध में 22 जनवरी 2026 तक दावा-आपत्ति प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावा-आपत्तियों का निराकरण 14 फरवरी 2026 तक किया जाएगा तथा निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया जाएगा।
प्रारंभिक रूप से प्रकाशित निर्वाचक नामावली ईआरओ/एईआरओ कार्यालयों के सूचना-पटल पर प्रदर्शित की गई है। साथ ही फोटोरहित सॉफ्ट कॉपी (इमेज पीडीएफ) मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ की वेबसाइट ceochhattisgarh.nic.in पर भी आमजन के अवलोकन हेतु उपलब्ध कराई गई है। जिला स्तर पर मतदाता सूची की एक फोटोयुक्त हार्ड कॉपी एवं एक फोटोरहित सॉफ्ट कॉपी (डीवीडी) सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों को निःशुल्क प्रदान की गई है।
बैठक में एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान, एसडीएम पामगढ़ देवेंद्र चौधरी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।










