
मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए सरकार दृढ़संकल्पित : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
रायपुर, 22 दिसंबर 2025 | KPN24.com छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जांजगीर में ‘जनादेश परब’ के अवसर पर आयोजित ऐतिहासिक जनसभा में उमड़े अपार जनसमर्थन के लिए प्रदेशवासियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि जनसभा में जनता की व्यापक सहभागिता लोकतंत्र में अटूट विश्वास और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की स्वीकृति का सशक्त प्रमाण है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश को सबसे अधिक आशीर्वाद मातृशक्ति से प्राप्त होता है। माताओं और बहनों के स्नेह, विश्वास और समर्थन से ही सरकार को जनसेवा की निरंतर ऊर्जा मिलती है। इसी भावना से प्रेरित होकर राज्य सरकार ने आगामी वर्ष को ‘महतारी गौरव वर्ष’ के रूप में मनाने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने जनसभा में उपस्थित केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रेरणादायी उद्बोधन से कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि ऐसे मार्गदर्शक विचार छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा के संकल्प को और अधिक मजबूत बनाते हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में सेवा का पहला वर्ष ‘विश्वास वर्ष’ के रूप में समर्पित किया गया, जिसमें शासन और जनता के बीच विश्वास की पुनर्स्थापना का लक्ष्य सफलतापूर्वक प्राप्त हुआ। पारदर्शिता, संवेदनशीलता और सतत संवाद के माध्यम से सरकार ने लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ किया।
उन्होंने बताया कि सेवा का दूसरा वर्ष भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को समर्पित ‘अटल निर्माण वर्ष’ के रूप में मनाया गया, जिसके दौरान आधारभूत ढांचे, सामाजिक विकास और जनकल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए गए। इन कार्यों का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड जनता के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जो सरकार की जवाबदेही और पारदर्शिता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ‘महतारी गौरव वर्ष’ के दौरान राज्य की सभी प्रमुख योजनाओं और कार्यक्रमों का केंद्रबिंदु माताएँ और बहनें होंगी। यह वर्ष मातृशक्ति के सम्मान के साथ-साथ उनके सशक्तिकरण, सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन और सामाजिक गरिमा को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का संकल्प सिद्ध होगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि महतारी गौरव वर्ष के माध्यम से छत्तीसगढ़ में मातृशक्ति के नेतृत्व, सहभागिता और सम्मान का एक नया अध्याय लिखा जाएगा, जो विकसित और समरस छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव बनेगा।










