"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

जांजगीर-चांपा में केबल चोरी का बड़ा खुलासा:- 12 टन केबल, 1.11 करोड़ की जब्ती, 11 आरोपी सलाखों के पीछे

KPN24:- 24 दिसंबर 2025 जांजगीर-चांपा जिले में लंबे समय से सक्रिय अंतरजिला केबल तार चोरी गिरोह पर पुलिस ने करारा प्रहार करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। सायबर सेल एवं थाना अकलतरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में केबल चोरी के संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 11 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 12 टन चोरी का बिजली केबल व तार, जिसकी बाजार कीमत लगभग 80 लाख रुपये है, जप्त किया है। इसके साथ ही चोरी में प्रयुक्त गैस कटर, वायर कटर, गैस सिलेंडर, ट्रक कंटेनर, बोलेरो नियो वाहन और दो मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। कुल मिलाकर पुलिस ने 1 करोड़ 11 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
राज्य से बाहर बेचने की तैयारी में थे चोर
जांच में सामने आया है कि यह गिरोह जिले के अलग-अलग इलाकों से बिजली और केबल तार काटकर चोरी करता था और फिर उसे दूसरे राज्यों के कबाड़ी कारोबारियों को खपाने की तैयारी करता था। पुलिस की सक्रियता से पहले ही गिरोह का यह प्लान नाकाम हो गया।
मुखबिर की सूचना से खुला राज
जिले में लगातार मिल रही चोरी की शिकायतों के बाद पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष टीम गठित की थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में पुलिस टीम लगातार मुखबिरों को सक्रिय कर रही थी।
दिनांक 23 दिसंबर 2025 को सूचना मिली कि एक ट्रक कंटेनर में भारी मात्रा में चोरी का केबल भरकर बाहर राज्य ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही सायबर सेल व थाना अकलतरा पुलिस ने जिला जेल के पीछे शासकीय स्कूल के पास नाकेबंदी कर ट्रक को रोका।
तलाशी के दौरान ट्रक से भारी मात्रा में केबल तार, गैस कटर और सिलेंडर बरामद हुए। पूछताछ में ट्रक चालक फिरोज खान (निवासी भिंड, म.प्र.) ने पूरे नेटवर्क का खुलासा कर दिया।
गोदाम में छापा, गिरोह धराया
ड्राइवर की निशानदेही पर पुलिस ने नैला स्थित आरोपी आसिफ रजा के गोदाम पर दबिश दी, जहां से चोरी का और भी बड़ा स्टॉक बरामद हुआ। मौके से गिरोह के अन्य सदस्यों को भी पकड़कर हिरासत में लिया गया।

कानूनी शिकंजा कसा
थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 375/25, 616/25 व 655/25 धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस टीम को मिला सम्मान
इस बड़ी कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक एवं अकलतरा थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा सहित पूरी टीम की सराहना करते हुए इनाम देने की घोषणा की है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More