"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

मुख्यमंत्री ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि

अटलजी का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकहित के प्रति समर्पण का अद्वितीय उदाहरण – मुख्यमंत्री

रायपुर | 25 दिसंबर 2025 | KPN24.com छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रहित, लोकतांत्रिक मूल्यों और सुशासन के लिए समर्पित रहा। वे न केवल एक महान राजनेता थे, बल्कि संवेदनशील कवि, दूरदर्शी विचारक और करुणामय जननायक भी थे, जिन्होंने राजनीति को जनसेवा का सशक्त माध्यम बनाया। उनके विचार और आदर्श आज भी देशवासियों को प्रेरणा प्रदान करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटलजी के नेतृत्व में देश ने विकास, पारदर्शिता और सुशासन की नई दिशा प्राप्त की। समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाने का उनका संकल्प आज भी हमारी शासन-नीतियों का आधार है। यही भावना छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाओं, कार्यक्रमों और निर्णयों में स्पष्ट रूप से परिलक्षित होती है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ में सुशासन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रशासनिक सुधार, पारदर्शी व्यवस्था, समयबद्ध सेवाओं की उपलब्धता और जनविश्वास की पुनर्स्थापना हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यह समूची यात्रा अटल बिहारी वाजपेयी जी के विचारों, आदर्शों और प्रेरणा से ऊर्जा प्राप्त करती है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे अटलजी के आदर्शों—ईमानदारी, संवेदनशीलता, संवाद और समावेशी विकास—को अपने जीवन में आत्मसात करें तथा विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाएँ।
इस अवसर पर विधायक किरण सिंह देव भी उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More