
मुंगफली की बुवाई के दौरान खेत में हुआ हादसा, गांव में शोक का माहौल
KPN24:- जांजगीर-चांपा बम्हनीडीह थाना क्षेत्र के ग्राम गोविन्दा में शनिवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे में नाबालिग युवक की रोटावेटर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी में हादसे का कारण पिता की लापरवाही बताया जा रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गोविन्दा निवासी हरिराम पटेल अपने नाबालिग पुत्र आशीष पटेल के साथ ट्रैक्टर में रोटावेटर लगाकर खेत में मुंगफली की बुवाई के लिए गया था। खेत की जुताई के दौरान हरिराम पटेल को प्यास लगी, जिस पर वह ट्रैक्टर से उतरकर पानी पीने चला गया, जबकि नाबालिग आशीष ट्रैक्टर पर ही बैठा रहा।
इसी दौरान अचानक आशीष का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे चल रहे रोटावेटर के नीचे गिर पड़ा। रोटावेटर में बुरी तरह फंसने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि किशोर के शरीर के कई टुकड़े हो गए।
घटना की खबर मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजन जब खेत पहुंचे तो वहां चीख-पुकार मच गई। मां की करुण चीत्कार और परिजनों के विलाप से पूरा गांव गमगीन हो उठा।
पिता की लापरवाही से हुआ हादसा
सूत्रों के अनुसार यदि हरिराम पटेल ट्रैक्टर से उतरते समय अपने बेटे को भी साथ ले जाता या ट्रैक्टर की चाबी निकाल लेता, तो इस दर्दनाक हादसे को टाला जा सकता था। इसी लापरवाही को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है।
घटना की सूचना बम्हनीडीह पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।










