
खेत से लौट रहे बाइक सवार युवक पर तेंदुए का अचानक हमला, जिला अस्पताल में उपचार जारी
मनीष विद्यार्थी बड़वानी
KPN24:- कहते हैं “डर के आगे जीत है”—इस कहावत को बड़वानी जिले के एक साहसी युवक ने अपनी सूझबूझ और हिम्मत से सच कर दिखाया। सुनसान रास्ते में तेंदुए के जानलेवा हमले के बावजूद युवक ने हार नहीं मानी और पत्थरों से वार कर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार, बड़वानी जिले के अंजड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम इंद्रापुरी में शनिवार शाम करीब 7 बजे खेत से घर लौट रहे युवक विशाल विजयसिंह मंडलोई पर तेंदुए ने हमला कर दिया। इस हमले में विशाल घायल हो गया, जिसका उपचार वर्तमान में बड़वानी जिला अस्पताल में जारी है।
ऐसे हुई घटना
ग्राम इंद्रापुरी निवासी विशाल विजयसिंह मंडलोई अपनी बाइक से खेत से लौट रहा था। इसी दौरान पगडंडी के पास खेत में घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया। हमले से विशाल बाइक सहित गिर पड़ा। तेंदुए ने उसके पैर को जबड़े में दबोच लिया और दोनों के बीच कुछ देर संघर्ष भी हुआ।
अचानक हुए इस खौफनाक हमले के बावजूद विशाल ने हिम्मत नहीं हारी। उसने जमीन पर पड़े पत्थरों को उठाकर तेंदुए पर ताबड़तोड़ वार किए। पत्थरों की चोट से तेंदुआ घबराकर खेत के रास्ते जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद विशाल के शोर मचाने पर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसकी मदद की।
जिला अस्पताल किया गया रेफर
घायल विशाल को तत्काल स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के साथ रेबीज का इंजेक्शन लगाया गया और पैर के घाव की मरहम-पट्टी की गई। हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर उपचार के लिए बड़वानी जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
ग्रामीणों में दहशत, पिंजरा लगाने की मांग
इस घटना के बाद ग्राम इंद्रापुरी सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी वन्यजीवों द्वारा मवेशियों पर हमले की घटनाएं सामने आती रही हैं। अब किसान पर सीधे हमले के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग एवं प्रशासन से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।










