
अल्पसंख्यक हिंदुओं पर बढ़ते अत्याचारों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन
KPN24.com मनीष विद्यार्थी खरगोन
पड़ोसी देश बांग्लादेश में बढ़ती राजनीतिक अस्थिरता, हिंसा और अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय पर हो रहे लगातार हमलों व हत्याओं के विरोध में शनिवार शाम विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं सकल हिंदू समाज के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान बांग्लादेश के राष्ट्रपति मो. यूनुस का पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया गया।
शनिवार शाम लगभग 6 बजे गुरु गोविंद सिंह चौराहे पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष इंजीनियर नितिन मालवीय, जिला मंत्री विवेक सिंह तोमर, सकल हिंदू समाज के जिलाध्यक्ष बबलू पाल सहित विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश में हिंदू समाज पर हो रहे अत्याचारों की कड़ी निंदा करते हुए अंतरराष्ट्रीय मंच से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए। इस दौरान राष्ट्रपति मो. यूनुस का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी भी की गई।
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार नहीं रुके, तो देशभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।










