
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों की समस्याएं एवं मांगें गंभीरतापूर्वक सुनीं। जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री महोबे ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। आज आयोजित जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 55 आवेदन प्राप्त हुए।
जनदर्शन के दौरान तहसील पामगढ़ के ग्राम मेऊ निवासी श्रीमती धनेश्वरी यादव ने आर्थिक सहायता राशि दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं तहसील मुख्यालय जांजगीर निवासी संजय गोपाल ने राजस्व प्रकरण की नकल प्रदान किए जाने की मांग रखी। ग्राम खैरा निवासी श्रीमती भूरीबाई द्वारा भूमि की फौती एवं नामांतरण कराने हेतु आवेदन दिया गया।
इसके अलावा तहसील बलौदा के ग्राम जर्वे-ब निवासी श्रीमती दिलबाई ने भूमि सीमांकन कराने तथा तहसील बम्हनीडीह के ग्राम बोरसी निवासी लोचन खुटे ने श्रम पंजीयन में जन्मतिथि की त्रुटि सुधार के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।
कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने सभी आवेदनों पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही करते हुए शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।










